दैनिक सांध्य बन्धु लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। गुरुवार को राज्य के कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस, 'INDIA' गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी (सपा) का समर्थन करेगी। इसके तुरंत बाद सपा ने बाकी बची गाजियाबाद और खैर सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया। सपा पहले ही 7 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी थी।
अखिलेश-राहुल का गठबंधन: तस्वीर ने बयां किया एकता का संदेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार सुबह X (पूर्व में ट्विटर) पर राहुल गांधी के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें वे राहुल का हाथ पकड़े हुए दिखाई दे रहे थे। इसके साथ अखिलेश ने लिखा, "हमने ठाना है, संविधान, आरक्षण और सौहार्द बचाना है।" इससे यह साफ हो गया कि कांग्रेस और सपा इस उपचुनाव में एकजुट होकर लड़ने जा रहे हैं।
9 सीटों पर सपा के उम्मीदवार, कांग्रेस का समर्थन
सपा के चुनाव चिन्ह 'साइकिल' पर INDIA गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी सभी 9 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश ने बताया कि कांग्रेस के सहयोग से यह चुनाव संविधान, सामाजिक सद्भाव और सामाजिक न्याय को बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
भाजपा का तंज: कांग्रेस का पंजा खाली
भाजपा ने इस घोषणा पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी में कांग्रेस का हाथ एक बार फिर खाली रह गया। भाजपा के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा ने कांग्रेस को "धोबी पछाड़" दे दिया है, और कांग्रेस अपनी स्थिति के लिए स्वयं जिम्मेदार है।
राहुल-अखिलेश की बातचीत ने बनाया रास्ता
सपा सूत्रों के अनुसार, अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच बुधवार रात फोन पर चर्चा हुई, जिसमें राहुल गांधी ने उपचुनाव न लड़ने और सपा को समर्थन देने का वादा किया। इसके बाद ही सपा ने सभी 9 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की।