दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी करौंदी क्षेत्र में स्थित गांधी व्यायाम शाला में बीते 30 वर्षों से दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की जाती रही है, लेकिन इस बार यह परंपरा विवादों में घिर गई है। आयोजकों द्वारा इस बार दुर्गा पंडाल को मुख्य मार्ग पर स्थापित किया गया, जिससे क्षेत्र के निवासियों का रास्ता बंद हो गया। स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए मांग की थी कि दुर्गा प्रतिमा को पहले की तरह उचित स्थान पर रखा जाए, लेकिन आयोजकों ने उनकी मांग को दरकिनार कर दिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर पंडाल लगाने से कई परिवारों को 10 दिनों तक असुविधा का सामना करना पड़ता है। बीते वर्ष एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस को मुश्किल से रास्ता मिल पाया था। इस बार भी रास्ता बंद करने का विरोध किया गया, लेकिन आयोजकों ने पंडाल लगाने की अपनी जिद्द जारी रखी, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित होकर रांझी थाने पहुंचे और धरना दिया।
इस मुद्दे पर राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि ने भी हस्तक्षेप किया और कहा कि मुख्य मार्ग को बंद करना उचित नहीं है। उन्होंने इस विवाद को शांत करने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने भी कहा कि स्थानीय लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए स्थिति का समाधान निकाला जाएगा और रास्ता जल्द खोला जाएगा।
Tags
jabalpur