दैनिक सांध्य बन्धु अहमदाबाद। नकली नोटों के जरिए असली सोना खरीदने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जालसाजों ने माणेक चौक के एक बड़े सर्राफा कारोबारी से 1.60 करोड़ रुपये मूल्य के 2100 ग्राम सोने की डील की और नकली नोट देकर सोना ले उड़े। इन 500 रुपये के नकली नोटों पर महात्मा गांधी की तस्वीर की जगह अभिनेता अनुपम खेर की तस्वीर छपी हुई थी।
यह नकली करंसी बिल्कुल असली नोटों जैसी दिखाई दे रही थी, और गड्डियों की सील पर 'स्टेट बैंक ऑफ इंडिया' की जगह 'स्टार्ट बैंक ऑफ इंडिया' लिखा था। इतना ही नहीं, नोटों पर 'रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया' के स्थान पर 'रिसोल बैंक ऑफ इंडिया' लिखा हुआ था। यह धोखाधड़ी इतनी बारीकी से की गई कि सोने के बिस्किट का लेन-देन होने के समय व्यापारी के कर्मचारियों को कुछ संदेह नहीं हुआ।
जालसाजों ने सीजी रोड स्थित आंगड़िया फर्म में सोने की डिलीवरी के समय 1.30 करोड़ के नकली नोट दिए और बाकी 30 लाख रुपये की रकम पास के ऑफिस से लाने की बात कहकर वहां से फरार हो गए। जब व्यापारी ने नोटों को ध्यान से जांचा, तो असली धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। इस पूरे मामले को लेकर व्यापारी ने नवरंगपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
इस मामले के खुलासे के बाद अनुपम खेर ने भी सोशल मीडिया पर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने एक गुजराती चैनल के वीडियो को साझा करते हुए लिखा, "गांधी जी की जगह पर मेरी तस्वीर, कुछ भी हो सकता है।" इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने इसकी जांच शुरू कर दी है और पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह का संबंध राजस्थान से हो सकता है।
अहमदाबाद पुलिस ने नकली करंसी गिरोह के सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इस घटना में शामिल गिरोह ने पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी की हो सकती है। फिलहाल, मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है ताकि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सके।