दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नेपाल के काठमांडू में आए भूस्खलन और भारी बारिश के कारण मध्य प्रदेश के डिंडोरी, जबलपुर और रीवा के कुल 17 लोग काठमांडू में फंस गए हैं। इनमें डिंडोरी के सात, जबलपुर के छह और रीवा के चार लोग शामिल हैं, जो पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। बारिश के चलते बाढ़ और भू-स्खलन से मुख्य मार्ग और पुल टूट गए हैं, जिससे उनका वापस लौटना संभव नहीं हो पा रहा है।
जबलपुर जिला प्रशासन ने फंसे हुए यात्रियों के परिजनों से संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जबलपुर जिला कंट्रोल रूम का नंबर 0761-2623925 और नोडल अधिकारी अनुग्रह सिंह का संपर्क नंबर 9713813496 है। प्रशासन लगातार फंसे हुए लोगों से संपर्क की कोशिश कर रहा है।
डिंडोरी से श्रीखूबचंद साहू और जबलपुर से राकेश बडगैया सहित सभी यात्री नेपाल के मारवाड़ी धर्मशाला में सुरक्षित ठहरे हुए हैं। हालांकि, वे लगातार भारतीय दूतावास और भारत सरकार से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सहायता नहीं मिल पाई है।
मेहदवानी ब्लॉक के ग्राम कठौतिया निवासी दुर्गा प्रसाद साहू सहित उनके साथी 26 सितंबर को नेपाल के लिए रवाना हुए थे। काठमांडू से 60 किलोमीटर पहले ही बाढ़ और भूस्खलन के कारण पुल बह जाने से वे फंस गए थे। नेपाल सरकार की मदद से हेलीकॉप्टर द्वारा उन्हें काठमांडू पहुँचाया गया, लेकिन वे अब भी भारत लौटने में असमर्थ हैं।
फंसे हुए यात्रियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और वे नेपाल में बहुत परेशान हैं। सभी ने भारत सरकार से त्वरित मदद की अपील की है, ताकि वे सुरक्षित रूप से अपने घर लौट सकें।