दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। सोमवार रात नगर निगम की कार्रवाई के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मुरार बारादरी चौराहे पर विधायक निधि से बने भगवान अग्रसेन के नाम से बनाए गए प्रवेश द्वार को तोड़ने के लिए नगर निगम का अमला पहुंचा। इस द्वार पर कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार और महापौर शोभा सतीश सिकरवार की तस्वीरें लगी थीं।
जैसे ही नगर निगम के इस कदम की जानकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिली, उन्होंने विरोध जताना शुरू कर दिया। भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता चौराहे पर धरने पर बैठ गए, जिसके चलते निगम को अपनी कार्रवाई रोकनी पड़ी। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान रात भर हंगामा जारी रहा।
कांग्रेस का कहना है कि यह प्रवेश द्वार विधायक निधि से बनाया गया था और इस पर महापौर की भी तस्वीर लगी थी, इसलिए इसे तोड़ने की कार्रवाई गलत है। दूसरी ओर, नगर निगम की ओर से इस कार्रवाई के पीछे किसी नियम या आदेश का पालन बताया जा रहा है।
रात भर चले हंगामे के बाद फिलहाल निगम की कार्रवाई रोक दी गई है, लेकिन स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है और आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।