दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शुक्रवार को जबलपुर के सदर क्षेत्र में कैंट बोर्ड की ओर से की गई बुलडोजर की कार्रवाई ने विवाद खड़ा कर दिया। रक्षा संपदा के डायरेक्टर एनवी सत्यनारायण के निर्देश पर अवैध निर्माण हटाने के अभियान में जनता दल यूनाइटेड के कार्यालय को भी तोड़ा गया। इस कार्रवाई के दौरान पार्टी के नेता सूरज जायसवाल और अधिकारियों के बीच जमकर तू-तू मैं-मैं हुई।
रक्षा संपदा के डायरेक्टर जबलपुर दौरे पर थे, जहां निरीक्षण के दौरान उन्होंने सदर मेन रोड के पास अवैध निर्माण देखा। डायरेक्टर की नाराजगी के बाद कैंट बोर्ड को तुरंत अवैध अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। इसी आदेश के तहत कैंट बोर्ड की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और जनता दल यूनाइटेड के कार्यालय सहित चार से पांच दुकानों को गिरा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान, जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल अपने समर्थकों के साथ बुलडोजर के सामने खड़े हो गए, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। जायसवाल ने आरोप लगाया कि बिना अनुमति और नोटिस के ही उनके कार्यालय को तोड़ा गया है, जबकि उनके पास जमीन के सारे दस्तावेज मौजूद हैं। वहीं, कैंट बोर्ड का कहना है कि जमीन पर अवैध अतिक्रमण था, जिसे हटाना जरूरी था।कार्रवाई के विरोध में सूरज जायसवाल ने कहा, "यह कार्रवाई पूरी तरह से गलत है। जिन स्थानों पर वास्तविक अतिक्रमण है, उन्हें संरक्षण मिल रहा है, जबकि जिनके पास जमीन के दस्तावेज हैं, उनके मकानों को तोड़ा जा रहा है।" इस घटना के दौरान कैंट बोर्ड के इंजीनियर सी.के. खराटे, अनुराग आचार्य, पलाश श्रीवास्तव और अतिक्रमण प्रभारी नितेश पटेरिया भी मौजूद थे, जिनसे जायसवाल का विवाद हुआ।

