Jabalpur News: सपा नेता पर बलात्कार एवं अवैध वसूली का मामला दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा पर बलात्कार और अवैध वसूली के दो गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अनूपपुर निवासी 26 वर्षीय युवती ने गोरखपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सपा नेता आशीष मिश्रा ने 2021 में शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती के मुताबिक, जब उसने आशीष की शादीशुदा जिंदगी की सच्चाई पता की और उसे दूर रहने की कोशिश की, तो आशीष ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इससे तंग आकर युवती ने 12 नवंबर को गोरखपुर थाने में बलात्कार का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गढ़ा थाने में आशीष मिश्रा के खिलाफ मदन महल स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक अमित खरे ने अवैध वसूली की शिकायत की थी। आरोप है कि आशीष ने सोशल मीडिया पर अस्पताल के खिलाफ झूठी और बदनाम करने वाली पोस्ट डाली। जब संचालक ने संपर्क किया, तो उसने 5 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि पैसे न देने पर वह और बदनामी करेगा। जब संचालक ने पैसे देने से मना किया, तो आशीष ने जान से मारने की धमकी दी। संचालक की शिकायत पर पुलिस ने गढ़ा थाने में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इन मामलों की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post