दैनिक सांध्य बन्धु मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में महायुति गठबंधन की सरकार बनने की स्थिति में मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर चर्चा तेज हो गई है। बीजेपी नेता विनोद तावड़े ने संकेत दिए हैं कि मुख्यमंत्री पद पर चुनाव के बाद फैसला होगा।
एक मराठी अखबार को दिए इंटरव्यू में विनोद तावड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री पद संख्या बल के आधार पर तय नहीं होगा। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां बीजेपी के अधिक विधायक होने के बावजूद नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया गया। तावड़े ने कहा कि महाराष्ट्र के हित को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और यह एक सरप्राइज नाम हो सकता है।
तावड़े ने महायुति गठबंधन की 160 सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी 95-110 सीटें, शिवसेना (शिंदे गुट) 40-45 सीटें और अजित पवार की एनसीपी 25-30 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री पद को लेकर कहा था कि चुनाव का नेतृत्व एकनाथ शिंदे, अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं। हाईकमान और निर्वाचित विधायक मिलकर मुख्यमंत्री का फैसला करेंगे।
मनसे और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बन सकी। माहिम सीट पर शिवसेना उम्मीदवार उतारने के कारण यह विवाद और बढ़ा।
महाराष्ट्र में चुनावी माहौल गर्म है, और महायुति की रणनीतियां और मुख्यमंत्री पद का चेहरा बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकता है।
