दैनिक सांध्य बन्धु रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गई महतारी वंदन योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,000 की मासिक आर्थिक मदद दी जाती है, जो डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए उनके बैंक खातों में भेजी जाती है।
योजना से जुड़ी पात्रताएं
योजना का लाभ उठाने के लिए निम्नलिखित पात्रताएं निर्धारित की गई हैं:
- महिला की आयु 21 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
- महिला का छत्तीसगढ़ की मूल निवासी होना अनिवार्य है।
- परिवार में कोई भी व्यक्ति सरकारी नौकरी में नहीं होना चाहिए।
- परिवार में कोई भी सदस्य इनकम टैक्स का भुगतान नहीं करता हो।
हाल ही में सामने आया है कि कई महिलाएं इस योजना में गलत दस्तावेज़ों के जरिए रजिस्ट्रेशन करवा रही हैं। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने ऐसी महिलाओं को चिन्हित करने का कार्य शुरू कर दिया है। फर्जी दस्तावेज़ों या गलत जानकारी के आधार पर लाभ लेने वाली महिलाओं का नाम योजना से हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
सरकार के इस कदम के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हजारों महिलाओं के नाम योजना की लाभार्थी सूची से हटाए जा सकते हैं। इससे योजना का लाभ केवल पात्र और वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं तक सीमित रहेगा।
योजना के दुरुपयोग को रोकने और वास्तविक लाभार्थियों तक सहायता सुनिश्चित करने के लिए सरकार का यह कदम उठाया जा रहा है। इससे पात्र महिलाओं को अधिक पारदर्शिता और सहायता मिल सकेगी।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक महिलाओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे निर्धारित पात्रताओं को पूरा करें और सही दस्तावेज़ों का ही उपयोग करें। गलत जानकारी देने पर योजना से उनका नाम हटाया जा सकता है।
