दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच एवं थाना सिहोरा की संयुक्त टीम ने एक अहम कार्रवाई में 11 किलो गांजा के साथ एक पति-पत्नी को रंगे हाथ पकड़ा। थाना प्रभारी विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पुरुष और एक महिला मोहसाम की ओर से सिहोरा की ओर गांजा लेकर जा रहे हैं, जो इसे बेचने की फिराक में हैं।
सूचना के बाद, पुलिस ने तुरंत एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्यवाही करते हुए कनाड़ी नाला पुलिया के पास एनएच 30 रोड पर दबिश दी। पुलिस ने देखा कि एक पुरूष एवं एक महिला संदिग्ध अवस्था में अपने-अपने पीठ में बैग लादे हुए सिहोरा की ओर आ रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश सोनी (25 वर्ष) और नेहा सोनी (26 वर्ष) के रूप में हुई, जो गोटेगांव के पथरया कुआ के निवासी हैं। तलाशी के दौरान आकाश सोनी के बैग में टेप से लिपटे पैकेट में गांजा मिला, जबकि नेहा सोनी के पास भी इसी तरह का एक पैकेट बरामद हुआ। कुल गांजे का वजन 11 किलो था, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से 1200 रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8-20 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
