दैनिक सांध्य बन्धु मुंबई। दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की पहली पत्नी हेलेना ल्यूक का 3 नवंबर को निधन हो गया। 68 वर्षीय पूर्व एक्ट्रेस हेलेना ने अमेरिका में आखिरी सांस लीं। उनके निधन की जानकारी मशहूर डांसर और एक्ट्रेस कल्पना अय्यर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से साझा की। रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते दिनों से हेलेना बीमार थीं लेकिन उन्होंने डॉक्टर के पास जाने से इनकार कर दिया था।
हेलेना ल्यूक 70 के दशक में फैशन वर्ल्ड का एक जाना-माना चेहरा थीं। 1979 में उनकी मुलाकात मिथुन चक्रवर्ती से हुई और दोनों ने जल्द ही शादी कर ली। हालांकि, शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे, और चार महीने बाद ही हेलेना ने तलाक मांग लिया। इंटरव्यू में हेलेना ने कहा कि मिथुन ने अपने कजिन्स के कारण उन्हें घर छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया था।
तलाक के बाद हेलेना ने फिल्मों में अपना करियर शुरू किया। 1980 में फिल्म जुदाई से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और आगे चलकर अमिताभ बच्चन के साथ मर्द फिल्म में ब्रिटिश रानी का किरदार निभाया। हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में ज्यादा सफलता न मिलने के कारण 80 के दशक के अंत में उन्होंने फिल्मों को अलविदा कह दिया और अमेरिका शिफ्ट हो गईं। वहां उन्होंने डेल्टा एयरलाइन्स में फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में काम किया।
यादों में रहेंगे हेलेना ल्यूक - हेलेना ने अभिनय और मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई थी। उनके अचानक निधन से फैन्स और करीबियों में शोक का माहौल है।
