दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में गत दिवस रात्रि एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और चालक को चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
रेवा बिहार कॉलोनी, गौरियाघाट तिलहरी निवासी रोहित सोनी (39 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं और 19 नवंबर की रात अपनी मारुति सिलेरियो कार (क्रमांक एमपी 20 सीजी 0962) से छोटे भाई गोपाल सोनी और राहुल सोनी के साथ जबलपुर से सिहोरा एक शादी में जा रहे थे।
रात लगभग 8:20 बजे, जब वे अपना ढाबा कुशनेर के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक यूपी 64 बीटी 7366) ने लापरवाही से उनकी कार को टक्कर मारी। टक्कर से कार के ड्राइवर साइड के दोनों गेट क्षतिग्रस्त हो गए, और रोहित को दाहिने हाथ और कमर में चोटें आईं।
घटना की शिकायत पर पनागर पुलिस ने धारा 281 और 125ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। ट्रक को जप्त कर चालक बिनोद को हिरासत में लिया गया।
