दैनिक सांध्य बन्धु कटनी। कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना में 8 महीने की बच्ची आग में जिंदा जल गई। मालिश के बाद धूप में सुलाई गई बच्ची सोनिया की खटिया उसके भाई-बहन के खेल-खेल में माचिस की तीली फेंकने से लगी आग की चपेट में आ गई।
पीड़ित परिवार के मुखिया राजू कुशवाहा, जो बांधा-इमलाज गांव के रहने वाले हैं, ने झिंझरी में खेत पर झोपड़ी बनाकर अपनी पत्नी रजनी और बच्चों के साथ निवास कर रखा था। सोमवार को खेत पर काम के दौरान यह हादसा हुआ।
राजू ने बताया कि पत्नी रजनी ने सोनिया की मालिश करने के बाद उसे धूप सेंकने के लिए खटिया पर लिटाया और घर के काम-काज में व्यस्त हो गई। इसी दौरान 6 साल की बड़ी बहन और 2 साल का भाई खेलते हुए चूल्हे के पास रखी माचिस की तीली जलाकर पास रखे भूसे में फेंक देते हैं। खेत में मौजूद पराली और भूसे ने तेजी से आग पकड़ ली और खटिया को चपेट में ले लिया।
बच्ची के रोने की आवाज सुनकर रजनी और राजू दौड़े लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग बुझाने की कोशिश में राजू का हाथ भी झुलस गया, लेकिन बच्ची को नहीं बचाया जा सका।
रजनी राख के ढेर को टटोलते हुए बार-बार अपनी बेटी को याद करती है। उसने रोते हुए कहा, "क्या पता था कि बिट्टू को खटिया पर सुलाने के बाद फिर कभी गोद में नहीं ले पाऊंगी।"
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
