दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी में एक महिला ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है, जिन्होंने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में फंसा कर 11.75 लाख रुपये ठग लिए।
रिपोर्ट के अनुसार एग्रेश नीना पॉल (62), निवासी संजय नगर, जेडीए कालोनी, नरसिंहनगर, रांझी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 1 दिसंबर 2024 को सुबह लगभग 8:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को दिल्ली काईम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया गया है, जिससे गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है। आरोपी ने उन्हें मामले को सुलझाने के लिए पैसे जमा करने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करके उन्हें और उनके पति को डराने-धमकाने का सिलसिला जारी रखा और बैंक खाते में पैसे जमा करने के लिए कहा। इसके बाद, उनके पति एन्थोनी प्रकाश ने 2 और 3 दिसंबर 2024 को भारतीय स्टेट बैंक, मस्ताना चौक शाखा से क्रमशः 1.75 लाख रुपये और 10 लाख रुपये, कुल 11.75 लाख रुपये, आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में NEFT के जरिए ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपियों ने और पैसे की मांग की, और 5 दिसंबर तक इस तरह की धमकियां जारी रखी।
रांझी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 318 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
