दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खितौला में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात किराना व्यापारी मलखे चक्रवर्ती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस वक्त हुई जब 46 वर्षीय व्यापारी अपने परिवार के साथ घर में टीवी देख रहे थे। बाइक सवार दो युवकों ने आवाज देकर उन्हें बाहर बुलाया और पेट में गोली मार दी।
गोली लगते ही व्यापारी जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें गंभीर हालत में सिहोरा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद खितौला पुलिस और एसडीओपी पारुल शर्मा मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की बेटी तनिका चक्रवर्ती ने बताया कि घटना के तुरंत बाद डायल-100 को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची। मजबूर होकर परिवार पड़ोसियों के साथ थाने गया, जहां शिकायत दर्ज करने के लिए लिखित आवेदन लाने को कहा गया।
मलखे चक्रवर्ती खितौला-मझगवां बाईपास के सकरी मोहल्ला वार्ड-17 में रहते थे। उनका घर में ही किराना दुकान है। परिवार के मुताबिक मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है।
पोस्टमॉर्टम के बाद व्यापारी का शव पैतृक गांव सलीमनाबाद बंधी ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
