दैनिक सांध्य बन्धु लखनऊ। कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य, जिला, शहर और ब्लॉक स्तर की सभी कमेटियों को भंग कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस फैसले को मंजूरी दी है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
बदलाव की प्रक्रिया शुरू
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी बयान के अनुसार, नई कार्यकारिणी और कमेटियों के गठन तक संगठन के 46 प्रकोष्ठों और विभागों के चेयरमैन कार्यवाहक रूप में कार्य करेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने कहा कि प्रदेश में संगठन का पुनर्गठन आवश्यक था। इसी कारण से यह बड़ा फैसला लिया गया है।
2027 चुनाव पर नजर
2027 में उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि नई टीम में ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। यह बदलाव प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और बीजेपी सरकार को चुनौती देने की रणनीति का हिस्सा है।
नई कमेटियों का गठन जल्द
प्रदेश कार्यकारिणी और अन्य कमेटियों की घोषणा जल्द ही क्रमवार तरीके से की जाएगी। कांग्रेस का मानना है कि यह बदलाव पार्टी को नई ऊर्जा देगा ।
