दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए प्रदेशाध्यक्ष को लेकर चर्चाएँ जोर पकड़ रही हैं। इस बीच, शनिवार को एक तस्वीर सामने आई है जिसमें मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा एक दूसरे का हाथ पकड़े हुए नजर आ रहे हैं। नरोत्तम मिश्रा ने इस तस्वीर को अपने एक्स (Twitter) हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से भेंट हुई और इस मुलाकात में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर सारगर्भित चर्चा का अवसर प्राप्त हुआ।
इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगने लगी हैं। नरोत्तम मिश्रा, जो बीजेपी के न्यू ज्वाइनिंग टोली के संयोजक हैं, लंबे समय से प्रदेशाध्यक्ष पद के एक मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। खासकर, 15 जनवरी तक नए प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा की बात सामने आने के बाद इस मुलाकात ने चर्चाओं को और हवा दे दी है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि बीजेपी आलाकमान का पूरा ध्यान अब शहर और जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पर है, जिसके बाद नए प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव होगा। ब्राह्मण, ओबीसी और अनुसूचित जाति के नेताओं के नाम इस पद के लिए चर्चा में हैं, और नरोत्तम मिश्रा का नाम इन नामों में प्रमुख रूप से शामिल है।
