Jabalpur News: होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस स्थापना दिवस पर जवानों के अद्भुत कौशल का प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राज्य स्तरीय होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन का स्थापना दिवस समारोह जबलपुर के संभागीय मुख्यालय दरीखाना में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर होमगार्ड जवानों ने अनुशासन और साहस का परिचय देते हुए आकर्षक मार्च पास्ट और मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह ने जवानों की परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि होमगार्ड संगठन नागरिक सुरक्षा के साथ-साथ आपदा प्रबंधन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आपदा के समय होमगार्ड जवानों की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय है।

जवानों ने भूकंप, आग, और जल आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया। साथ ही, आपदा प्रबंधन में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों की प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसे महापौर ने देखा और प्रशंसा की।

समारोह के दौरान शिक्षा, सेवा, और उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, और जवानों को प्रशंसा पत्र और चेक देकर सम्मानित किया गया। महापौर ने विभागीय निधि से बच्चों को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर एडीशनल कमाण्डेंट जनरल डॉ. विशद तिवारी ने महानिदेशक होमगार्ड का संदेश वाचन किया। कार्यक्रम में डिवीजनल कमाण्डेंट आशीष खरे, डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट एसआर आजमी, टीआर चौहान, संतोष शर्मा, स्नेहलता पाठ्या, नरेश कुमार साहू, और रजनी खटीक सहित होमगार्ड मुख्यालय और जिला कार्यालय के अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।

1946 में मुंबई से शुरू हुआ होमगार्ड का सफर आज देशभर में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन का प्रमुख हिस्सा बन चुका है। सरदार पटेल की प्रेरणा से हैदराबाद के विलय में भी होमगार्ड ने योगदान दिया। समारोह में भूतपूर्व होमगार्ड अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता करते हुए एडीशनल कमाण्डेंट डॉ. तिवारी ने कहा कि होमगार्ड सैनिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करते हैं। चाहे आपदा हो या कानून व्यवस्था, होमगार्ड हमेशा तत्पर रहते हैं। जवानों ने इस अवसर पर हाईराइज बिल्डिंग से बचाव, भूकंप और आग जैसे संकटों से निपटने की तकनीकें भी प्रदर्शित कीं।समापन पर डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट नीरज सिंह ठाकुर ने आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post