दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में शराब दुकानों के पास अवैध रूप से आहते संचालित हो रहे हैं, और पान की दुकानों तथा होटलों के आसपास खुले में शराब पीने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। शहर में आहतों के बंद होने के बाद, शराब की दुकानों के आसपास छोटी पान और खानपान की दुकानों ने ओपन बार के रूप में काम करना शुरू कर दिया है। इन जगहों पर शराब पीने का माहौल लगातार बढ़ रहा है, जिससे न केवल स्थानीय लोगों को असुविधा हो रही है, बल्कि समाज में अव्यवस्था भी फैल रही है।
इंदिरा मार्केट में खुलेआम शराब खोरी
जबलपुर के इंदिरा मार्केट में स्थित शराब की दुकान के पास दिन-रात शराबियों का जमावड़ा देखा जा रहा है। यहां के पान की दुकानों और होटलों के आसपास शराबियों का हुजूम हमेशा बना रहता है, जहां लोग खुलेआम शराब पीते हैं और हुड़दंग मचाते हैं। खासकर दिन में यह नजारा ज्यादा देखने को मिलता है, जिससे राहगीरों और महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शराबियों के कारण हो रही परेशानी
क्षेत्रीय नागरिक विजय सिंह ठाकुर का कहना है कि शराबियों के इस तरह खुलेआम शराब पीने और लड़ाई-झगड़े करने से राहगीरों के लिए रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है। कई बार इन शराबियों के कारण इलाके में हुड़दंग भी मच जाता है, जिससे आने-जाने वालों को परेशानी होती है। शहर की अन्य शराब दुकानों के आसपास भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं।
इस समस्या पर सिविल लाइन थाना प्रभारी नेहरू सिंह खण्डाते ने बताया कि पुलिस की टीम लगातार इन इलाकों में गश्त कर रही है और खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही दुकानदारों को भी चेतावनी दी गई है कि यदि उन्होंने अपनी दुकानों के पास शराब पीने की जगह दी तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
