दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर क्षेत्र में गत दिवस को एक ई-रिक्शा चालक पर तीन युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में चालक के पैर पर चोट आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोह. सोहेल खान (19), निवासी खजरी खिरिया ने थाना गोहलपुर में शिकायत दर्ज कराई कि वह गत दिवस अपना ई-रिक्शा लेकर अधारताल से रद्दी चौकी जा रहा था। रद्दी चौकी पर ट्रैफिक सिग्नल लाल होने पर उसने अपनी ई-रिक्शा जेब्रा क्रॉसिंग से पहले रोक दी। इसी दौरान पीछे से दोपहिया वाहन पर तीन युवक आए और ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
जब सोहेल ने युवकों को सही से गाड़ी चलाने की बात कही, तो तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू से उसके बाएं पैर पर वार कर दिया, जबकि अन्य दो ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
घटना के दौरान आस-पास खड़े सोहेल के परिचितों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। सोहेल की शिकायत पर थाना गोहलपुर पुलिस ने धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2), और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों तलाश शुरू कर दी है।
