दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना रांझी क्षेत्र में एक युवक पर डीजे बंद करने को लेकर हुए विवाद में चाकू से हमला किया गया। घटना की रिपोर्ट थाना रांझी में दर्ज कराई गई है। 20 वर्षीय उदय राजपूत, जो डीजे बजाने का काम करता है, ने पुलिस को बताया कि देर रात वह सामुदायिक भवन गोकलपुर में एक शादी पार्टी में डीजे बजा रहा था। रात लगभग 11:30 बजे डीजे बंद करने पर विश्वास चौहटेल नामक व्यक्ति ने आकर उससे डीजे बंद करने का कारण पूछा। जब उदय ने बताया कि डीजे बजवाने वालों ने मना किया है, तो विश्वास ने शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की।
पैसे देने से इंकार करने पर विश्वास चौहटेल ने गाली-गलौज करते हुए सिर में एक थप्पड़ मारा और फिर जेब से चाकू निकालकर दोनों जांघों में मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
पुलिस ने रिपोर्ट पर धारा 296, 118(1), 119(1), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
