Jabalpur News: विक्टोरिया अस्पताल में लॉ स्टूडेंट्स का प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिला अस्पताल विक्टोरिया में डॉक्टरों की ड्यूटी के समय गैरमौजूदगी को लेकर महाकौशल लॉ स्टूडेंट एसोसिएशन के सदस्यों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नाराज छात्रों ने मटके में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) की फोटो लगाई और सीएमएचओ को यह मटका भेंट करने अस्पताल पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी के साथ सिविल सर्जन और छात्र नेताओं के बीच तीखी बहस भी हुई।

छात्रों का कहना है कि डॉक्टर ओपीडी में समय पर नहीं पहुंचते, जिससे मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार तो मरीज निजी अस्पतालों का रुख करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। लॉ स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों की मनमानी लंबे समय से चल रही है, और प्रशासन इसे रोकने में विफल रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजय मिश्रा ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देते हुए आश्वासन दिया कि डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी डॉक्टर की अनियमितता पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच रिपोर्ट भोपाल भेजी जाएगी।

अंकुश चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विक्टोरिया अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया तो एसोसिएशन उग्र आंदोलन करेगा। छात्रों ने कहा कि मरीजों को सुविधाएं देना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post