दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जेडीए स्कीम नंबर 11 के शताब्दी पुरम स्थित एक प्लाट पर कब्जा जमाए 23 परिवारों का अतिक्रमण हटाने के लिए जेडीए और नगर निगम को कोर्ट के आदेश पर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार सुबह 11 बजे नगर निगम की टीम अतिक्रमण प्रभारी सागर बोरकर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची, जबकि जेडीए के अधिकारी 12 बजे पहुंचे। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से कोई भी प्रतिनिधि वहां नहीं पहुंचा।
अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए कहा कि वे पिछले 40 वर्षों से यहां रह रहे हैं। उनका कहना था कि पहले उनके रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, उसके बाद उन्हें हटाया जाए। क्षेत्रीय पार्षद रंजीत ठाकुर ने भी अधिकारियों से अनुरोध किया कि इन परिवारों के लिए पहले आवासीय व्यवस्था की जाए।
दोपहर 2 बजे तक अधिकारियों और अतिक्रमणकारियों के बीच बातचीत चलती रही, लेकिन कब्जाधारी यहां से हटने को तैयार नहीं हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली और लार्डगंज थाने से पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। सीएसपी राजेश कुमार शीव भी मौके पर मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक अतिक्रमण नहीं हट सका।
Tags
jabalpur
