Jabalpur News: पति की प्रताड़ना से महिला हुई अपंग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पति की हैवानियत और अत्याचार ने एक महिला को अपंग बना दिया। पीड़िता लक्ष्मी गुजराती को उसके परिजन व्हीलचेयर पर लेकर महिला थाने पहुंचे और उसकी दर्दनाक कहानी बयां की।

लक्ष्मी के परिजनों ने बताया कि सात साल पहले उसका विवाह कारा गुजराती के साथ समाजिक रीति-रिवाजों से हुआ था। शादी के शुरुआती दो साल ठीक रहे, लेकिन इसके बाद पति ने उसे मारपीट और अमानवीय व्यवहार से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। लक्ष्मी ने बताया कि उसका पति तीन-तीन दिन तक उसे भूखा-प्यासा रखकर घर में बंद कर देता था। कई बार तो सात दिनों तक उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया गया।

लक्ष्मी ने बताया कि उसके पति ने उसे लोहे की रॉड और डंडों से इतना पीटा कि वह पैरों और हाथों से अपंग हो गई। इस हालत में भी वह गिड़गिड़ाती रही, लेकिन पति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह दूसरी बार गर्भवती हो गई।

चार दिन पहले पति ने लक्ष्मी को उसके मायके के सामने फेंक दिया। जब लक्ष्मी के भाई ने इसका विरोध किया तो पति ने भाई के साथ भी मारपीट की। इस घटना की शिकायत अधारताल थाने में दर्ज की गई है।

लक्ष्मी के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post