Gwalior News: वन स्टॉप सेंटर से नाबालिग को भगाने वाला गुजरात के सूरत से गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर के वन स्टॉप सेंटर से नाबालिग लड़की को भगाने वाले मुख्य आरोपी अरुण माहौर को पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पहले ही पांच अन्य आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

20-21 जुलाई 2024 की रात, छह नकाबपोश बदमाशों ने वन स्टॉप सेंटर से नाबालिग को भगाया। आरोपियों ने गार्ड के पास रखी चाबी को डंडे की मदद से बाहर निकाला और चैनल गेट खोलकर नाबालिग को लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें नाबालिग अपने प्रेमी का हाथ पकड़े हुए दिखाई दी।

वन स्टॉप सेंटर के बालिका गृह में कुल 24 लड़कियां रह रही थीं। भागने वाली नाबालिग पहले भी कई बार वहां से निकलने का प्रयास कर चुकी थी। इस कारण उसे तीसरे कक्ष में रखा गया था। गार्ड रूम में सोई महिला गार्ड की मौजूदगी में बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।

कंपू थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इनमें करण जाटव, सूरज माहौर, सौरव कुशवाहा और दो नाबालिग शामिल थे। मुख्य आरोपी अरुण माहौर गिरफ्त से बाहर था।

पुलिस ने पांच महीने की तलाश के बाद नाबालिग को सूरत, गुजरात से बरामद किया। इसके बाद मास्टरमाइंड अरुण माहौर को भी वहीं से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी भागने की तैयारी में था।

सीएसपी अशोक सिंह जादौन ने कहा, "मुख्य आरोपी अरुण माहौर को गिरफ्तार कर ग्वालियर लाया गया है। नाबालिग को सुरक्षित बचा लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।"


Post a Comment

Previous Post Next Post