Jabalpur News: संविधान से ऊपर नहीं है राहुल गांधी : लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि संविधान की प्रति जेब में रखकर चलने का मतलब यह नहीं है कि वे संविधान के मालिक बन गए हैं। उन्होंने शनिवार को पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा करते हुए लोकसभा परिसर में लोकसभा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी के साथ हुई घटना की निंदा की और कांग्रेस के प्रदर्शन पर टिप्पणी की।

राकेश सिंह ने कहा, कांग्रेस कहां सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है और कितने लोग उसमें शामिल हो रहे हैं, यह महत्वपूर्ण है। भाजपा वह पार्टी है जिसने बाबासाहेब अंबेडकर से जुड़े स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया और उन्हें सम्मान प्रदान किया। कांग्रेस ने तो उन्हें चुनाव में हरवाया, और जवाहर लाल नेहरू ने उनके खिलाफ टिप्पणी की। कभी भी अंबेडकर का सम्मान नहीं किया।

लोक निर्माण मंत्री ने आरोप लगाया कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब डॉ. अंबेडकर की लोकसभा में तस्वीर भी नहीं लगी थी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अमित शाह का उल्लेख करते हुए कहा कि अमित शाह ने हमेशा बाबासाहेब का सम्मान किया और उनके साथ जुड़े स्थानों पर जाकर श्रद्धा अर्पित की। राकेश सिंह ने कहा कि अमित शाह की बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है, जबकि देश की जनता सब जानती है।

राहुल गांधी के संविधान की प्रति लेकर चलने और कांग्रेस के प्रदर्शन पर तंज कसते हुए राकेश सिंह ने कहा, संविधान जेब में रखकर घूमने वाले लोग जब संविधान की धज्जियां उड़ाते हैं, तब उनकी आवाज नहीं उठती। वे कह रहे हैं कि जान देंगे, तो किसके लिए जान देंगे? राहुल गांधी ने खुलेआम सदन के बाहर एक बुजुर्ग सांसद को धक्का दिया, जिससे उन्हें चोट आई और उन पर मामला दर्ज हुआ। क्या राहुल गांधी संविधान के ऊपर हैं? संविधान जेब में रखकर घूमना इसका मतलब नहीं है कि आप उसके मालिक बन गए हैं।

राकेश सिंह ने कहा कि संविधान सभी के लिए समान है और उसी के तहत कार्रवाई की गई। राहुल गांधी की गुंडागर्दी अब नहीं चल सकती। उन्हें यह समझना चाहिए कि संविधान के नाम पर राजनीति करने और संविधान का पालन करने में अंतर है।

Post a Comment

Previous Post Next Post