दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बिलहरी में अमृत भोग मिष्ठान भंडार के संचालक पिता-पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने घायल की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
अमृत भोग मिष्ठान भंडार के संचालक आकाश गुप्ता ने बताया कि घटना उस समय हुई जब वह अपनी दुकान पर थे। नर्मदा मिष्ठान भंडार के संचालक विशाल गुप्ता के साले अमोल ने दुकान से पानी की बोतल और मिठाई ली, लेकिन पैसे नहीं दिए। जब आकाश ने पैसे मांगने की कोशिश की, तो अमोल गाली-गलौच पर उतर आया और अमोल ने अपने साथियों को बुलाकर आकाश के साथ मारपीट की। आकाश के पिता जब बचाव के लिए आए तो उन पर लोहे के कड़े से हमला कर दिया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
गोराबाजार थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। स्थानीय व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
