दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर कलेक्ट्रेट में राजस्व रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर दस्तावेजों को पारंपरिक बस्तों के स्थान पर पॉलिथीन में पैक कर प्लास्टिक बॉक्स में रखा जा रहा है। यह कदम न केवल दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा बल्कि उन्हें व्यवस्थित तरीके से संरक्षित भी रखेगा।
इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए 50 से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है। डिप्टी कलेक्टर शिवांगी जोशी ने बताया कि दस्तावेजों की सर्टिफाइड कॉपी आवेदकों को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। कार्य लगभग समाप्ति के करीब है और प्लास्टिक बॉक्स में रखे गए दस्तावेजों को नए रिकॉर्ड रूम में शिफ्ट किया जा रहा है।
डिप्टी कलेक्टर ने यह भी जानकारी दी कि रिकॉर्ड रूम में रखे दस्तावेजों की सटीक जानकारी के लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से पता लगाया जा सकेगा कि संबंधित तहसील से जुड़े दस्तावेज किस रैक और बॉक्स में रखे गए हैं। यह प्रणाली दस्तावेजों को तेजी से ढूंढने में मददगार होगी।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने रिकॉर्ड रूम से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
