![]() |
File Photo |
शिंदे के साथ महायुति के नेताओं की मुलाकात और शिवसेना विधायकों की बैठक में सरकार गठन के अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। भाजपा विधायक दल की बैठक 4 दिसंबर को होनी है, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ऑब्जर्वर के तौर पर शामिल होंगे।
23 नवंबर को आए चुनाव नतीजों में महायुति को भारी बहुमत मिला, लेकिन मुख्यमंत्री का नाम अब तक तय नहीं हो पाया है। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। महायुति में एक सीएम और दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला तय किया गया है।
गृह और वित्त मंत्रालय को लेकर भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच मतभेद हैं। भाजपा गृह, राजस्व, उच्च शिक्षा, कानून और ऊर्जा मंत्रालय अपने पास रखना चाहती है। शिवसेना को हेल्थ और शहरी विकास जैसे विभाग ऑफर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 5 दिसंबर को मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5 बजे होगा। एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथि इस भव्य समारोह में शामिल होंगे।
शिंदे ने एक इंटरव्यू में कहा कि जनता उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। दूसरी ओर, अजित पवार ने स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री भाजपा का ही होगा और शिवसेना व एनसीपी से डिप्टी सीएम होंगे।
4 दिसंबर को भाजपा विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के लिए महायुति के नेता लगातार बैठकों और निरीक्षण में जुटे हुए हैं।