दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश के सबसे बड़े और बहुप्रतीक्षित मदनमहल-रानीताल फ्लाईओवर का लोकार्पण आगामी 23 अगस्त को होगा। प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से यह जानकारी साझा की। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों से फ्लाईओवर का उद्घाटन संपन्न होगा।
करीब 7 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर की शुरुआत रानीताल से होती है और यह दमोह नाका तक फैला हुआ है। परियोजना पर ₹850 करोड़ से अधिक की लागत आई है, जो इसे प्रदेश की अब तक की सबसे महंगी और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शुमार करती है।
शहरवासियों के लिए यह फ्लाईओवर न केवल ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएगा, बल्कि यात्रा समय को भी काफी हद तक कम करेगा। निर्माण कार्य कई वर्षों से जारी था और इसके पूरा होने का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने इसे जबलपुर के विकास की ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि यह परियोजना शहर को स्मार्ट और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था की दिशा में नई पहचान दिलाएगी।
Tags
jabalpur