दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल के बड़े तालाब स्थित बोट क्लब में सोमवार रात एक 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वंश यादव के रूप में हुई है। उसके बड़े भाई योगेश यादव ने बताया कि वंश अपनी महिला मित्र के साथ घूमने गया था।
रात करीब 9 बजे वंश और उसकी महिला मित्र बोट क्लब पहुंचे। रात 10 बजे महिला मित्र ने वंश के भाई को फोन पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर भाई ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। गोताखोरों ने रात 10:30 बजे वंश का शव निकालकर हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी में भेजा।
वंश के भाई ने बताया कि घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा महिला मित्र के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों को आशंका है कि दोनों के बीच किसी विवाद के चलते वंश ने आत्महत्या की है।
बड़े भाई ने बताया कि वंश एक लड़की से प्रेम करता था और दोनों के परिवार इस रिश्ते से सहमत थे। दोनों की शादी की भी बात चल रही थी। घटना के समय वंश उसी लड़की के साथ था।
वंश के पिता एक गार्ड हैं, जबकि दोनों बड़े भाई न्यू मार्केट की दुकानों में काम करते हैं। वंश खुद भी एक दुकान में काम करता था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और महिला मित्र के बयान के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।