दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने गत दिवस पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समर वर्मा, सोनाली दुबे और प्रदीप कुमार शेंडे सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
उपाध्याय ने निर्देशित किया कि सक्रिय बदमाशों और चाकूबाजों के आपराधिक रिकॉर्ड की समीक्षा कर उनके विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।
न्यायालय के नोटिस और वारंट पर त्वरित तामील के निर्देश
माननीय उच्च न्यायालय के नोटिस, जमानती और स्थायी वारंट को प्राथमिकता के साथ तामील कराने के निर्देश दिये गये। 1 वर्ष से अधिक लंबित वारंटों की फाइल तैयार कर सभी पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिये।
गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी पर जोर
धारा 363 भादवि के तहत गुमशुदा बच्चों की जल्द से जल्द दस्तयाबी के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा गया।
महिला अपराधों पर त्वरित कार्रवाई
महिला अपराधों में त्वरित विवेचना पूरी कर चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये। लंबित गंभीर अपराधों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का भी आदेश दिया गया।
संपत्ति और साइबर अपराध पर सख्ती
संपत्ति से जुड़े अपराधों में अपराधियों की पहचान कर चोरी की संपत्ति बरामद करने के निर्देश दिये गये। साइबर अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु विशेष कार्यशालाओं का आयोजन करने की बात कही गई।
अवैध अतिक्रमण और यातायात में सुधार के निर्देश
शाम के समय बाजार क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर अवैध अतिक्रमण को चिन्हित करने और प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से हटाने के निर्देश दिये गये। साथ ही, रात्रि चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अमानक नंबर प्लेट वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आदतन अपराधियों की जमानत निरस्त होगी
ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर उनकी जमानत निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी जो रिहाई के बाद फिर से अपराध में लिप्त पाए गए हैं।
