Cash Bundles Found in Parliament: कांग्रेस सांसद की सीट पर मिली नोटों की गड्डियां

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। शुक्रवार को राज्यसभा में उस समय हंगामा मच गया जब सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन को सूचित किया कि कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी की सीट (222) पर नकदी की गड्डियां मिली हैं। यह नकदी सदन की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान बरामद की गई। धनखड़ ने कहा, "यह मामला मेरे संज्ञान में लाया गया है, और जांच चल रही है।"

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने अपनी दिनचर्या का ब्योरा देते हुए दावा किया कि वे महज तीन मिनट के लिए सदन में थे। उन्होंने कहा, "ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन सुरक्षा में चूक को भी उजागर करना चाहिए।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभापति पर सांसद का नाम उजागर करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, "जब मामला जांच के दायरे में है, तो किसी सदस्य का नाम लेना अनुचित है। जांच पूरी होने तक इसे गोपनीय रखना चाहिए।"

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि सदन में नकदी का पाया जाना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा, "नियमित प्रोटोकॉल के तहत यह नकदी मिली है। जांच के दौरान नाम बताने में कोई गलती नहीं है।"

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस घटना को सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया और जांच की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post