Jabalpur News: घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर बदमाशों ने महिला को उतारा मौत के घाट

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से करीब 45 किलोमीटर दूर शहपुरा थाना के घंसौर गांव में 45 वर्षीय महिला हीरा बाई की उनके घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे की है। महिला अपनी छोटी बहू के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि बड़ा बेटा और बहू पास के कमरे में थे। तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर और गले पर सात बार वार कर उनकी जान ले ली।

घटना की जानकारी मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंची और हत्यारों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतका के पति मुन्ना लाल चौधरी घटना के समय जबलपुर गए हुए थे।

मृतका के जेठ घंसू चौधरी ने गांव के सरपंच छम्मन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जमीन विवाद को लेकर परिवार का सरपंच और अन्य लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। सरपंच ने मृतका की जमीन पर किसी और का मकान बनवा दिया था, जिसका विरोध करने पर मारपीट हुई थी। हाल ही में दुर्गेश पटेल और उमेश पटेल से भी विवाद हुआ था।

घंसू चौधरी ने बताया कि घटना के दौरान तीन बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर आए। उन्होंने पहले हीरा बाई का मुंह दबाया और फिर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पास ही सो रही बहू को जब वारदात का पता चला तो उसने चीख-पुकार मचाई, लेकिन हत्यारे फरार हो गए।

इन्होने कहा

शहपुरा थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर ने कहा कि घटना की सूचना डायल 100 से मिली। परिजनों के बयान के आधार पर कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post