Jabalpur News: बाइक सवार युवक-युवती नहर में गिरे, ग्रामीणों ने युवक को बचाया, 100 मीटर दूर मिला युवती का शव

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सोमवार शाम बरगी से पिकनिक मनाकर लौट रहे एक युवक और युवती की बाइक बारह नहर में गिर गई। घटना के दौरान पास बैठे स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से युवक को तो बचा लिया, लेकिन युवती पानी में बह गई।

घटना के बाद मंगलवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। गोताखोरों ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर युवती का शव बरामद किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन निवासी सोनू धुर्वे अपनी मित्र हर्षिता ठाकुर के साथ बाइक से बरगी गए थे। जबलपुर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बारह नहर में जा गिरी।

नहर के पास बैठे ग्रामीणों ने तुरंत युवक को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा। लेकिन युवती का कोई पता नहीं चल सका।

गौर पुलिस चौकी प्रभारी टेकचंद शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना देर शाम मिली। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। मंगलवार सुबह रेस्क्यू टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया और युवती का शव बरामद किया।

फिलहाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवक सोनू धुर्वे होश में है। पुलिस हादसे के कारणों को जानने के लिए उससे पूछताछ कर रही है। घटना की विस्तृत जांच जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post