दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ गांजा तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से 1 किलो 70 ग्राम गांजा जप्त किया, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।
थाना तिलवारा प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि गत रात, भैरव नगर दुर्गा मंदिर के पास पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में कपड़े का थैला लेकर खड़ा नजर आया। पुलिस को देखकर वह घबराकर भागने लगा। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
आरोपी ने अपना नाम देवेंद्र उर्फ सचिन (32 वर्ष), निवासी भैरव नगर, थाना तिलवारा बताया। तलाशी में उसके थैले से खाकी रंग के टेप में लिपटा हुआ गांजे का पैकेट बरामद हुआ। तौलने पर गांजे का वजन 1 किलो 70 ग्राम निकला।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजा जप्त कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने यह मादक पदार्थ कहां से और कैसे प्राप्त किया।
