दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना ने लघु उद्यमिता विकास के जिला प्रबंधक अखिल शुक्ला की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी है। यह कार्रवाई तिलसानी कुण्डम स्थित सरस्वती आजीविका महिला स्वसहायता समूह द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई है।
महिला समूह ने जनसुनवाई में शिकायत की थी कि शुक्ला ने उन्हें कम गुणवत्ता वाली और कम क्षमता वाली कोदो कुटकी कुकीज निर्माण यूनिट की मशीनें प्रदान की, जो घटिया थीं। इसके अलावा, शुक्ला ने समूह पर अनावश्यक दबाव डालते हुए ज्यादा भुगतान भी कराया।
कलेक्टर ने शिकायत पर गंभीरता से विचार किया और आरोपों की जांच की। सभी पक्षों की सुनवाई के बाद यह स्पष्ट हुआ कि शुक्ला का कृत्य प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताओं के दायरे में आता है, जिससे स्वसहायता समूह को आर्थिक नुकसान हुआ और प्रशासन की छवि भी धूमिल हुई।
कलेक्टर ने म.प्र. शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल के पत्र के तहत शुक्ला की संविदा सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया।
Tags
jabalpur
