दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। काईम ब्रांच और थाना खितोला की टीम ने 9 किलो 969 ग्राम गांजा के साथ दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
थाना प्रभारी खितोला नर्बद सिंह धुर्वे ने बताया कि गत दिवस काईम ब्रांच को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि 20-25 साल के दो लड़के एक स्कूटी पर अटेची में गांजा लेकर पर्वत वासिनी मंदिर रोड सकरी मोहल्ला के पास खड़े हैं और मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही काईम ब्रांच और थाना खितोला की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
टीम ने वहां दोनों युवकों को घेरकर पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम शुभम पटैल (23 वर्ष) और सूरज बर्मन (22 वर्ष), निवासी ग्राम जुनवानी बरौदा, थाना पनागर बताए। तलाशी के दौरान दोनों की अटेची से एक बोरे में 9 किलो 969 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ जारी है।
