दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोसलपुर पुलिस ने मादक पदार्थ गांजे के अवैध कारोबार में लिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 820 ग्राम गांजा बरामद किया है। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह मर्सकोले ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोसलपुर बायपास के पास राजेश बर्मन ढाबा के पास एक युवक अवैध गांजा लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही युवक छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप तिवारी (26), निवासी 90 क्वाटर, एचपी गैस गोदाम के पास, संजीवनी नगर बताया।
युवक के पास मौजूद काले रंग के पिठ्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें पॉलिथीन और टेप से लिपटा हुआ एक पैकेट मिला, जिसमें 820 ग्राम गांजा रखा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह यह मादक पदार्थ कहां से लाया और इसे कहां सप्लाई करने वाला था।
