Jabalpur News: ठंड ने मारा जोर, नीचे लुढ़क रहा पारा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।आसमान में छाये बादलों के छंटते ही मौसम में बदलाव का नजारा सामने आने लगा है। पारा फिर से लुढ़क कर नीचे आता जा रहा है। इस बदलाव के बाद ठंड रफ्तार पकड़ने लगी है। सर्द हवाओं के कारण मौसम में ठंडक हावी है। आसमान में छाये बादलों के बीच शीतलहर जोर मारने लगी और तापमान नीचे आने लगा। रात का तापमान 6 डिग्री पर आ गया। शीतलहर की वजह से ठंड से राहत महसूस नहीं हो रही है। 3 से 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने वातावरण में ठंडक घोल रखी है। अभी भी सुबह और रात के वक्त शीतलहर से जनजीवन की आफत हो रही है। 

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक उत्तर भारत में हुए हिमपात के बाद आ रही बर्फीली हवाओं ने ठंड के प्रभाव को बरकरार रखा है। हवाओं की रफ्तार कुछ कम होने के बावजूद दिन और रात का तापमान औसत से नीचे चल रहा है। बर्फीली हवाऐं उस पर सितम ढा रही हैं। दिन में तो सूर्य देव की तपन के आगे शीतल बयारें थोड़ा कमजोर पड़ जाती हैं लेकिन रात में चन्द्रमा की शीतलता से जुड़कर बर्फीली हवाएं कहर ढा रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 24.08 डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 06.02 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 5 डिग्री कम दर्ज किया गया। 

हवा में नमी प्रात:काल 82 प्रतिशत और सायंकाल 55 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 6 बजकर 54 मिनिट पर हुआ तथा सूर्यास्त 5 बजकर 43 मिनिट पर हुआ। प्रदेश में सबसे कम 2.3 डिग्री पचमढ़ी जिले में दर्ज किया गया। उत्तरी हवाएं 3 से 4 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटे के दौरान जिले का मौसम शुष्क रहेगा। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 17.05 न्यूनतम तापमान 15.08 डिग्री दर्ज किया गया था। 

Post a Comment

Previous Post Next Post