दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर निजी अस्पतालों में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा ब्लैकलिस्टेड किए गए अस्पताल अब दूसरे नाम से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इन अस्पतालों की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने बताया कि निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा चल रहा है। मरीजों से आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद नकद पैसे वसूलने की घटनाएं सामने आई हैं। गैलेक्सी हॉस्पिटल में ऐसी ही घटना पर मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप कर मरीज को वापस पैसा दिलवाया था। उन्होंने कहा कि जिले के कई अस्पताल इस प्रकार की मनमानी कर रहे हैं, जिनकी जांच कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पार्टी कार्यकर्ता प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर गरुड़ पुराण लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने इसे प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने इसे लेने से इनकार कर दिया। एसडीएम ऋषभ जैन ने कहा कि शिकायती पत्र को कलेक्टर दीपक सक्सेना के समक्ष रखा जाएगा, और उनके निर्देशानुसार कार्रवाई होगी।
शिकायत के समर्थन में कार्यकर्ता अपने साथ दो मरीजों को लेकर आए। गौरझामर निवासी हुकुमचंद प्रजापति और ग्वारीघाट निवासी राहुल अहिरवार ने निजी अस्पतालों की मनमानी के उदाहरण अधिकारियों के सामने रखे। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता लाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।