दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्यप्रदेश बीजेपी में जिलाध्यक्षों के नामों का पैनल तैयार हो चुका है। 50 जिलों में सहमति बनने के बाद नामों को दिल्ली भेजा गया है। केंद्रीय नेतृत्व की हरी झंडी मिलने के बाद आज रात तक पहली सूची जारी होने की संभावना है।
बीजेपी महिलाओं को राजनैतिक भागीदारी देने पर जोर दे रही है। करीब 12 जिलों में महिलाओं को जिलाध्यक्ष बनाया जा सकता है। नवगठित पांढुर्णा जिले की वैशाली महाले वर्तमान में प्रदेश की एकमात्र महिला जिलाध्यक्ष हैं।
गुरुवार को भोपाल में देर रात तक चली बैठकों में 50 जिलों के लिए पैनल तैयार किए गए। हर जिले के पैनल में एक महिला और एसटी-एससी नेता का नाम शामिल किया गया है। यह पैनल केंद्रीय संगठन को भेजा गया है।
हर जिले से चुने गए तीन-तीन नामों का परीक्षण दिल्ली में होगा। जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर नामों की क्रॉस चेकिंग की जाएगी।
कई पूर्व सांसद, विधायक और वर्तमान जिलाध्यक्ष जिलाध्यक्ष बनने के लिए जोर लगा रहे हैं। सागर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों से कई नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय परिषद सदस्यों और जिलाध्यक्षों का चयन हो रहा है।