MP News: लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए उम्मीदों से भरा साल 2025 शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने मिलने वाली सहायता राशि जल्द ही उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी। राज्य सरकार ने हाल ही में सप्लीमेंट्री बजट में इस योजना के लिए अतिरिक्त 465 करोड़ रुपए और लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए 85 करोड़ रुपए का आवंटन किया है।

पिछली 19वीं किस्त दिसंबर में 11 तारीख को ट्रांसफर की गई थी। अब जनवरी की किस्त को लेकर महिलाएं बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। जानकारी के अनुसार, इस बार भी राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है और हर लाभार्थी महिला को 1,250 रुपए मिलेंगे। खबरों के मुताबिक, सरकार इस बार 10 तारीख से पहले महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर कर सकती है।

महिलाओं की किस्त और कर्मचारियों के एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने 5,000 करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। यह कर्ज भारतीय रिजर्व बैंक के ई-कुबेर सिस्टम के माध्यम से लिया गया, जिससे राज्य पर कुल कर्ज का आंकड़ा 3.75 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस योजना की शुरुआत 2023 में विधानसभा चुनाव से पहले की थी। शुरुआत में महिलाओं को 1,000 रुपए दिए जाते थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 1,250 रुपए कर दिया गया। यह योजना करीब 1.29 करोड़ महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।

महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूटिया ने विधानसभा सत्र में स्पष्ट किया कि फिलहाल मासिक राशि में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि योजना सुचारू रूप से जारी रहे और सभी लाभार्थियों को समय पर भुगतान हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post