दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा का आज जबलपुर आगमन हुआ डुमना एयरपोर्ट पर पहुंचे रंधावा का कांग्रेसी नेताओं और सिख संगत के सदस्यों ने स्वागत किया। अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।
सुखजिंदर सिंह रंधावा का स्वागत करने डुमना एयरपोर्ट पर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया, नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं. अतुल बाजपेयी, पूर्व विधायक संजय यादव, सम्मति सैनी, विजय जैन (चुन्ना), रविंद्र गौतम, और सिख संगत की ओर से पूर्व विधायक हरेंद्रजीत सिंह (बब्बू) और प्रिंस सलूजा अदि मौजूद थे। रंधावा ने यहां से सीधे सर्किट हाउस का रुख किया, जहां उन्होंने स्थानीय और प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की।
इसके बाद सर्किट हाउस से रंधावा मदनमहल स्थित दशमेश द्वार गुरुद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने सिख संगत द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। गुरुद्वारे में उन्होंने समाज के लोगों से मुलाकात कर चर्चा की। गुरुद्वारा में उपस्थित सिख संगत के लोगो ने उनका स्वागत किया और उन्होंने धार्मिक संदेश देते हुए समाज के विकास में योगदान देने की बात कही।
गुरुद्वारा कार्यक्रम के बाद रंधावा घण्टाघर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस रिसर्च एवं सांस्कृतिक भवन पहुंचे, जहां स्व. सुखलाल कुशवाहा की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम में उन्होंने स्व. कुशवाहा के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने की बात कही।
दोपहर बाद रंधावा ने सर्किट हाउस नंबर एक में सभी स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों के लिए रणनीति पर चर्चा की।