दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश भाजपा संगठन ने जबलपुर महानगर अध्यक्ष पद पर रत्नेश सोनकर की नियुक्ति कर दी है, जिसके बाद इस पद पर नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चा में विराम लग गया है।
सोनकर, जो पहले पार्टी के जिला महामंत्री और नगर निगम के पार्षद रह चुके हैं, अब वे भाजपा महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाएंगे।
कांग्रेस के मजबूत गढ़ में सेंधमारी की कवायत
राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, रत्नेश सोनकर की नियुक्ति से पार्टी ने अनुसूचित जाति वर्ग को साधने का कार्य तो किया है साथ ही पूर्व विधानसभा को जीतने की कवायत भी शुरु कर दी है। रत्नेश सोनकर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से ही आते हैं, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वर्तमान में इस विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया तीसरी बार विधायक हैं, जो कि जिले में कांग्रेस के एकमात्र विधायक हैं। यह विधानसभा कांग्रेस का मजबूत गढ़ मानी जाती है।
रत्नेश का राजनीतिक सफर
रत्नेश सोनकर की राजनीतिक यात्रा में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे 2009 राधाकृष्णन वार्ड से पार्षद रहे हैं और एमआईसी सदस्य भी रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी भाभी माधुरी सोनकर राधाकृष्णन वार्ड से भाजपा की पार्षद हैं।
भा.ज.पा. ने सिर्फ शहरी क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए हैं। राजकुमार पटैल को जबलपुर ग्रामीण का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह फैसला ग्रामीण इलाकों में पार्टी संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
नर्मदा दर्शन के बाद किया पद्भार ग्रहण
रत्नेश सोनकर ने आज अपनी नियुक्ति के बाद गौरी घाट पहुंचकर मां नर्मदा का आशीर्वाद लाने के बाद रत्नेश सोनकर ने रानीताल स्थित भाजपा कार्यालय पहुंच कर पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उनके लिए कार्यकर्ताओं का सम्मान और सामंजस्यपूर्ण सहयोग प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह पद मुझे प्रदेश अध्यक्ष और जबलपुर के नेताओं के आशीर्वाद से मिला है। मैं उन बूथों को मजबूत करूंगा, जहां भाजपा कमजोर है।
नवीन रणनीति और संगठन की दिशा
रत्नेश सोनकर एवं राजकुमार पटैल की नियुक्ति से भाजपा संगठन में एक नई शुरुआत की उम्मीद की जा रही है। इन नियुक्तियों से न केवल अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग को साधने का प्रयास किया गया है, बल्कि संगठन में युवाओं की भागीदारी के लिए एक नई रणनीति भी तैयार की गई है।
गौरतलब है कि 14 दिसंबर को सबसे पहले दैनिक सांध्य बंधु ने अपने विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से खबर प्रकाशित की थी कि भाजपा हाईकमान युवा चेहरे रत्नेश सोनकर को जबलपुर भाजपा महानगर अध्यक्ष का दायित्व सौंप सकती है। यह खबर अब सच साबित हुई है, जिससे दैनिक सांध्य बंधु की पत्रकारिता की सटीकता और विश्वसनीयता एक बार फिर साबित हुई है।