Jabalpur News: शीतलहर की चपेट में संस्कारधानी, ठंड का कहर जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे ठिठुरन भरी सर्दी का एहसास दिन और रात दोनों समय हो रहा है। दिसंबर के बाद यह कड़ाके की सर्दी की दूसरी लहर है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी का असर जबलपुर और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी देखा जा रहा है।

तीन दिन तक ठंड का असर रहेगा ज्यादा

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक तीखी ठंड का असर जारी रहेगा। इसके बाद शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे हल्के बादल बन सकते हैं और तापमान में थोड़ी वृद्धि होने की संभावना है।

शहर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1 और 3 डिग्री कम है। बीते दिन के मुकाबले तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पूर्व की ठंडी हवाएं सक्रिय बनी रहेंगी।

3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है पारा

विशेषज्ञों का कहना है कि न्यूनतम तापमान में आगे 3 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। शहरवासियों को सलाह दी गई है कि सर्द हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें।

शीतलहर की परिभाषा और प्रभाव

जब किसी क्षेत्र का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम हो जाए और बर्फीली हवाओं का असर हो, तो इसे शीतलहर की स्थिति माना जाता है। देश के पहाड़ी राज्यों से आने वाली ठंडी हवाएं और साफ आसमान ऐसी स्थिति को और गंभीर बना देते हैं।

मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी 

मौसम में यह उतार-चढ़ाव बसंत पंचमी तक जारी रहने की संभावना है। दिन के समय भी ठंड का असर कम नहीं हो रहा है, जिससे लोग ठिठुरने को मजबूर हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post