दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कड़ाके की ठंड के बीच जबलपुर सहित महाकौशल क्षेत्र में आगामी दो दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में हल्की तब्दीली आ सकती है और संक्रांति के समय मावठे के आसार बन सकते हैं।
मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार, इस समय उत्तरी भारत के ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ स्थित है, जिसका असर पश्चिमी भारत तक अधिक देखा जाएगा। इसके प्रभाव से महाकोशल क्षेत्र में बादलों की चहल-कदमी हो सकती है। 11 जनवरी से मौसम में हल्का बदलाव आ सकता है और इस दौरान कहीं-कहीं हल्की रिमझिम बारिश हो सकती है।
आज शाम से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर मध्यप्रदेश के पश्चिमी हिस्सों पर रहेगा, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
जबलपुर शहर की ताजा मौसम स्थिति की बात करें तो, आज सुबह का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था। वहीं, कल शाम का अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। पिछले साल की तुलना में इस साल तापमान में अधिक ठंडक देखने को मिली है, जब 2024 में आज ही के दिन न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 12.6 किमी की ऊंचाई पर 268 किमी प्रति घंटा की गति से जेट स्ट्रीम बह रही है, जिसका प्रभाव पश्चिमी विक्षोभ के साथ दिख सकता है। इससे पश्चिमी भारत में मौसम में बदलाव आएगा और मावठे के आसार बन सकते हैं। 11 जनवरी को पश्चिमी भारत के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश और मौसम में बदलाव की संभावना है।