दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग क्षेत्र में एक युवती ने ससुरालवालों प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती ज्योति कश्यप (22 वर्ष) ने 5 दिसंबर 2024 की शाम अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। ज्योति के पति अतुल कश्यप ने उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मर्ग जांच के दौरान, मृतिका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि ज्योति के पति अतुल कश्यप, सास सरला कश्यप और ननद राखी कश्यप द्वारा उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जाती थी। परिजनों के मुताबिक, वे ज्योति को शादी के खर्चे और खाना बनाने को लेकर ताने देते थे। ज्योति ने अपनी बहन और मां को बताया था कि वह अतुल से शादी करने पर पछता रही थी और ससुरालवालों की प्रताड़ना के कारण काफी परेशान थी।
मृतिका की बहन ने आरोप लगाया कि घटना के दिन भी पति अतुल ने ज्योति को आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके बाद उसने फांसी लगा ली। इस मामले में अतुल कश्यप, उसकी मां सरला, ननद राखी, रीना कश्यप और अतुल के जीजा ईश्वरीय केवट के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस जांच में जुटी है।
