दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। केंट थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़ित के घर के बाहर गाली-गलौज और मारपीट की। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी, जिसमें से एक आरोपी को तलवारनुमा चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात करीब 8 बजे संजय नगर, मोदीबाड़ा निवासी 20 वर्षीय सुजल वर्से अपने घर में टीवी देख रहा था। इस दौरान, पौआ पासी, भोलू रानू, श्यामू पासी और उनके अन्य साथी घर के बाहर गाली-गलौज करने लगे। सुजल के पिता सूरज वर्से ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सुजल और उसकी बहन शिवानी गौतेल जब बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें भी निशाना बनाया। इस दौरान, भोलू रानू और श्यामू पासी ने सुजल को पकड़ लिया, और पौआ पासी ने चाकू से उसकी बाईं जांघ पर हमला किया।
पीड़ित परिवार की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पुलिस पहुंची, जिससे आरोपी वहां से फरार हो गए। सुजल को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सुजल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 109, और 191 बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान बागड़ी मोहल्ला निखिल पासी (22) निवासी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक तलवारनुमा चाकू बरामद हुआ। अन्य आरोपी, जिनमें पौआ पासी, भोलू रानू, और श्यामू पासी शामिल हैं, अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
केंट थाना प्रभारी ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश के कारण हुआ है। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
