दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के 69वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह का आयोजन मदनमहल स्थित रेल उत्सव सामुदायिक भवन में किया गया। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने भोपाल, जबलपुर, कोटा मंडलों सहित कारखानों एवं मुख्यालय में कार्यरत 09 अधिकारियों और 45 कर्मचारियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार और 02 अधिकारियों एवं 16 कर्मचारियों को रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया।
समारोह में ओव्हर ऑल एफिशिएंसी शील्ड सहित 25 विभागीय दक्षता शील्ड भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समां बांध दिया। इस मौके पर पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहकर, तीनों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक, प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारत में पहली रेलगाड़ी 16 अप्रैल 1853 को मुंबई के बोरीबंदर से ठाणे के बीच चली थी। इसी उपलक्ष्य में रेल सप्ताह समारोह की परंपरा शुरू हुई, जिसमें बीते वर्ष की समीक्षा और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया जाता है।
महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने संबोधित करते हुए बताया कि पश्चिम मध्य रेलवे को वर्ष 2023-24 में अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह में माननीय रेल मंत्री द्वारा लेखा एवं वित्त प्रबंधन शील्ड एवं कार्मिक प्रबंधन शील्ड प्रदान की गई। साथ ही, 01 अधिकारी और 01 कर्मचारी को व्यक्तिगत पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
महाप्रबंधक ने रेलवे कर्मियों एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि पश्चिम मध्य रेल के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निष्ठा और लगन के साथ कार्य कर रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने सभी से नई तकनीकों के प्रयोग और योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रेलवे को ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।